चंडीगढ़ , मई 29 -- पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने नगर निगम और नगर परिषद चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की है। चुनाव परिणाम आने के बाद आम आदमी पार्टी के पंजाब कार्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर आप पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
श्री सिसोदिया ने शुक्रवार को पंजाब की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि इन चुनाव नतीजों ने साफ संदेश दिया है कि लोग अच्छे शासन और जनहित की राजनीति को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने अरविंद केजरीवाल की ईमानदार राजनीति और मुख्यमंत्री भगवंत मान के विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले हुए जिला परिषद चुनावों में गांवों के लोगों ने आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया था और अब नगर निगम तथा परिषद चुनावों में शहरों के लोगों ने भी पार्टी के पक्ष में फैसला सुनाया है। श्री सिसोदिया ने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में मान सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता ने स्वीकार किया है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने "ईडी पार्टी" को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 1,142 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है, जो यह दर्शाता है कि पंजाब की धरती पर नफरत और बदले की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि अब गांवों के बाद शहरों में भी आम आदमी पार्टी का प्रभाव बढ़ा है और नगर निगमों में पार्टी की सरकार बनने से शहरों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम कर रही है।
श्री सिसोदिया ने कहा कि नव-निर्वाचित मेयर और पार्षद मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को और तेज करेंगे तथा पंजाब को "रंगला पंजाब" बनाने के लक्ष्य की दिशा में काम करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित