कोटा , अगस्त 31 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत नामांकन के अंतिम दिन सोमवार तक नगर निगम कोटा के कुल 100 वार्डों के लिए 548 प्रत्याशियों ने 600 नामांकन दाखिल किये।
चुनाव में नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं इंडियन नेशनल कांग्रेस की सूचियां देरी से जारी होने के कारण आखिरी समय तक ऊहापोह की स्थिति रही। भाजपा के ज्यादातर अधिकृत प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिये जबकि कांग्रेस से कुछ की स्थिति अब तक साफ नहीं हो पायी है।
फॉर्म भरने वालों में पूर्व उपमहापौर योगेंद्र खींची, कैथून नगर पालिका के अध्यक्ष आइना महक, नगर पालिका उपाध्यक्ष हरिओम पुरी, कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन शामिल हैं। वहीं कांग्रेस ने महिला शहर जिला अध्यक्ष एवं निवर्तमान पार्षद शालिनी गौतम और कोटा दक्षिण के निवर्तमान उप महापौर पवन मीणा का टिकट काट दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित