ग्वालियर , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर नगर निगम में लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को कार्यपालन यंत्री (एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) सुशील कटारे को छह हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी एक दिन बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त निरंजन लाल शर्मा ने बताया कि फरियादी सचिन पचौरी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त की टीम ने नगर निगम कार्यालय में जाल बिछाया। शिकायत के अनुसार कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे एक फाइल आगे बढ़ाने के एवज में कुल 36 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे, जिसमें से 30 हजार रुपये पहले ही ले चुके थे।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को जैसे ही फरियादी ने शेष छह हजार रुपये आरोपी को दिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे एक दिन पहले ही लोकायुक्त की कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित