गोरखपुर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के कैंट थाना क्षेत्र के बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में बुधवार को नगर निगम के संविदा कर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ निवासी मुकेश पासवान (20) के रूप में हुई है। वह नगर निगम में संविदा पर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी का चालक था। बुधवार सुबह उसकी ड्यूटी वाली गाड़ी बेतियाहाता स्थित परिसर में खड़ी मिली, जिसमें ड्राइविंग सीट पर मुकेश का शव पेड़ से बंधी रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल-112 को दी, जिसके बाद कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

परिजनों के अनुसार मुकेश ने करीब दो महीने पहले पड़ोस के गांव की दूसरी जाति की युवती राधा निषाद से प्रेम विवाह किया था, जिससे दोनों परिवार नाराज थे। पारिवारिक विरोध के चलते वह पत्नी के साथ शहर में किराए के मकान में रह रहा था। परिजन इस घटना को हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मौके की परिस्थितियों को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित