चंडीगढ़ , मई 29 -- पंजाब में आठ नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) का दबदबा दिखा है। सुबह आठ बजे से हो रही मतगणना में 881 वार्डों में आप जीत चुकी है। कांग्रेस दूसरे और निर्दलीय उम्मीदवार तीसरे नंबर पर हैं।
बंगाल के बाद 2027 में पंजाब को जीतने की बारी की बात कहने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे पीछे है। अकाली दल भी चौथे नंबर पर है। अब तक आठ नगर निगमों में से चार से परिणाम आ चुके हैं, इनमें कपूरथला में कांग्रेस, अबोहर में भाजपा को बहुमत मिला है, जबकि मोगा और बरनाला में आप ने जीत दर्ज की है। चार निगमों के नतीजे आने बाकी हैं, इसमें मोहाली, बटाला, बठिंडा और पठानकोट शामिल हैं।
छब्बीस मई को निकाय चुनाव के लिए मतदान हुआ था। 1100 से ज्यादा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई है।
नगर कौंसिल के कुल 1977 वार्डों में से 1818 के नतीजे आ चुके हैं, जिनमें आप को 881, कांग्रेस को 355, भाजपा को 153, शिरोमणि अकाली दल को 178 और अन्य को 25 वार्डों में विजय मिली है।
मोहाली नगर निगम के 50 में से 38 वार्डों से मिले नतीजों अनुसार आप को 28, कांग्रेस को चार, शिअद को दो, भाजपा को दो और अन्य को दो सीटें मिली है। बठिंडा नगर निगम के 50 में से 21 वार्डों के परिणाम आ चुके हैं, जिनके अनुसार आप को छह, कांग्रेस को ग्यारह, भाजपा को 20, शिअद को शून्य और अन्य को दो सीटें मिली है।
पठानकोट नगर निगम में अब तक आप को छह, कांग्रेस को 11, भाजपा को 14 सीटें मिली है। कपूरथला नगर निगम के सभी 50 वार्डों के परिणाम घोषित किये जा चुके हैं। यहां आप को 11, कांग्रेस को 31, भाजपा को तीन, शिअद तीन और अन्य को दो सीटें मिली हैं। अबोहर के सभी 50 वार्डों में आप को 20, कांग्रेस को एक, भाजपा को 28 और अन्य को एक सीट मिली है। बटाला में अब तक आप को 21, कांग्रेस 20 और भाजपा को तीन सीटें मिली हैं। मोगा में आप को 30, कांग्रेस सात, भाजपा तीन, शिअद तीन और अन्य को सात साइट, बरनाला में आप को 36, कांग्रेस दो, भाजपा सात, शिअद शून्य और अन्य को पांच सीटें मिली हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित