बारां , अगस्त 21 -- राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर बारां में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक बैठक सांसद कार्यालय में आयोजित हुई। भाजपा सूत्रों ने बताया कि बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा नियुक्त नगर निकाय प्रभारी, जिला प्रभारी, संभाग सह प्रभारी, वरिष्ठ नेता एवं जिला पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में प्रत्याशी चयन, संगठनात्मक तैयारियों, जनसंपर्क अभियान और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गयी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्षद पद के इच्छुक कार्यकर्ता शनिवार को शाम पांच बजे तक भाजपा के अधिकृत फॉर्म में आवेदन संबंधित मंडल अध्यक्षों के पास जमा कराएंगे। सभी नगर निकाय क्षेत्रों में 25 अगस्त से पहले कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिये जाएंगे।
बैठक में कार्यकर्ताओं से एकजुटता और आपसी समन्वय के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित