खम्मम , फरवरी 16 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने हालिया नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को मिले भारी जनादेश के लिये मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नतीजों ने विकास और कल्याण आधारित एजेंडा पर जनता के विश्वास को स्पष्ट रूप से दर्शाया है।

उन्होंने खम्मम जिले के मधिरा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कुछ दलों द्वारा यह प्रचार किया जा रहा था कि कांग्रेस केवल ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत है और शहरी क्षेत्रों में कमजोर, लेकिन चुनाव परिणामों ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। शहरी स्थानीय निकायों में कांग्रेस की प्रचंड जीत से जनता ने ऐसे दुष्प्रचार का करारा जवाब दिया है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा, लोकसभा और पंचायत चुनावों में जीत के बाद कांग्रेस ने नगर निकाय चुनावों में भी अपनी मजबूती साबित की है। उनके अनुसार, पार्टी ने राज्यभर में लगभग 90 से 95 नगरपालिकाओं में जीत दर्ज की, जो राज्य के इतिहास में किसी भी दल की शहरी क्षेत्रों में सबसे बड़ी जीत है।

श्री विक्रमार्क ने कहा कि मतदाताओं ने पिछले दो वर्षों में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और उनके मंत्रिमंडल के सामूहिक प्रयासों को सराहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार विकास और कल्याण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, जो नगर प्रशासन विभाग का भी प्रभार संभाल रहे हैं, तीव्र शहरीकरण के बीच संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट और प्रगतिशील नीति ढांचा लागू कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित