चंडीगढ़ , जून 01 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने हाल ही में संपन्न हुए नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए पंजाब राज्य चुनाव आयोग से खारिज और अमान्य घोषित किये गये मतपत्रों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने की अपील की है।

श्री बलियावाल ने सोमवार को कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। मतदाताओं को यह जानने का अधिकार है कि कितने मत अमान्य घोषित किये गये और उन्हें किस आधार पर खारिज किया गया। उन्होंने कहा कि इस जानकारी को सार्वजनिक करने से चुनावी प्रक्रिया में लोगों का विश्वास और मजबूत होगा तथा बैलेट पेपर आधारित चुनाव प्रणाली की प्रभावशीलता का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जा सकेगा। भाजपा नेता ने चुनाव आयोग से मांग की कि प्रत्येक वार्ड में खारिज और अमान्य मतों की कुल संख्या, बूथवार विवरण, चुनाव नियमों के तहत मत खारिज किए जाने के कारण तथा कुल पड़े वोट, वैध मत, अमान्य मत और विजेता उम्मीदवार के जीत के अंतर का तुलनात्मक आंकड़ा सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने पूरे पंजाब का जिला-वार समेकित डेटा जारी करने की भी मांग की, ताकि राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों, चुनाव पर्यवेक्षकों और आम नागरिकों को चुनावी प्रक्रिया की स्पष्ट तस्वीर मिल सके।

उन्होंने कहा कि कई वार्डों में जीत का अंतर काफी कम रहा है। ऐसे में यह जानना महत्वपूर्ण है कि अमान्य घोषित मतों की संख्या का चुनाव परिणामों पर कोई प्रभाव पड़ा या नहीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जानकारी चुनावी जवाबदेही को बढ़ाने और निष्पक्षता के प्रति जनता का भरोसा मजबूत करने में सहायक होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन चुनावों के अनुभव ने एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के फायदों को उजागर किया है। ईवीएम के उपयोग से गलत तरीके से मतदान चिह्नित होने के कारण मतों के अमान्य होने की संभावना काफी कम हो जाती है। साथ ही मतगणना तेज, अधिक सटीक और पारदर्शी होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित