पंचकूला , अप्रैल 29 -- हरियाणा में नगर निकाय चुनाव के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंचकूला स्थित 'पंचकमल' कार्यालय में अपना संकल्प पत्र जारी किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा के इस विजन डॉक्यूमेंट में शहरी विकास, बेहतर प्रशासन और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। पंचकूला के लिए जारी घोषणाओं में खड़क मंगोली में करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से 2100 फ्लैट बनाकर पुनर्वास योजना लागू करने का वादा किया गया है। साथ ही 20 वर्षों से अधिक समय से रह रहे परिवारों को मालिकाना हक देने की बात कही गयी है।
स्वच्छता और जल प्रबंधन के तहत 160 करोड़ रुपये की लागत से पांच नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाये जाएंगे और कचरा प्रबंधन पर 100 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट और आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
यातायात सुधार के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर फ्लाईओवर और घग्गर नदी पर पुल निर्माण की योजना है। इसके अलावा मॉडल सड़कें और मल्टीलेवल पार्किंग भी बनायी जाएंगी।
खेल और शिक्षा के क्षेत्र में विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है, जबकि स्मार्ट लाइब्रेरी और पार्कों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित