अलवर , अप्रैल 04 -- राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि राज्य सरकार राज्य में नगर निकाय और पंचायत चुनावों से डरकर भाग रही है।
श्री डोटासरा खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी में शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने अलवर आये थे। बाद में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार नगर निकाय के चुनाव नहीं करा रही है, क्योंकि उन्हें डर है कि वह चुनाव हारेंगे और जब भी चुनाव होंगे निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव हारेगी।
उन्होंने खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध को लेकर कहा कि युद्ध के कारण हालत खराब हैं। मोदी देश को संभाल नहीं पा रहे हैं और आमजन को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी और पेट्रोलियम पदार्थ के कारण आमजन परेशान हैं।
भिवाड़ी में तिजारा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे इमरान खान के पारिवारिक शादी समारोह में राजस्थान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भागीदारी की।
इस मौके पर प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सचिन पायलट एवं कई कांग्रेस विधायक, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने समारोह में शिरकत की। नेताओं ने इमरान खान और उनके परिवार को विवाह की दी शुभकामनाएं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित