पटना , मई 26 -- पटना नगर निगम क्षेत्रांतर्गत विभिन्न अंचलों में स्वीकृत सड़क निर्माण एवं सड़क पुनर्स्थापन की कई महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं पर तीव्र गति से कार्य जारी है। मानसून पूर्व शहरवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने तथा जलजमाव एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से निगम मुख्यालय स्तर पर इन परियोजनाओं की नियमित एवं गहन समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक पखवाड़े में सभी परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में मंगलवार को निगम मुख्यालय स्थित सभागार में नगर आयुक्तयशपाल मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रमंडलों में संचालित छोटी एवं बड़ी सड़क परियोजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में केवल पैचवर्क अथवा 25 मीटर से 100 मीटर तक के सीमित पुनर्स्थापना कार्य शेष हैं, उन्हें हर हाल में 31 मई तक पूर्ण कर लिया जाए। वहीं, सभी बड़ी एवं प्रगतिरत सड़क निर्माण तथा पुनर्स्थापना परियोजनाओं को 10 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

बैठक में अभियंताओं एवं संवेदकों द्वारा जमीनी स्तर पर आ रही व्यवहारिक चुनौतियों से भी नगर आयुक्त को अवगत कराया गया।

बैठक में बताया गया कि कई वार्डों में स्थानीय नागरिक एक साथ अनेक सड़कों पर कार्य प्रारंभ किए जाने का विरोध कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक एक सड़क का कार्य पूर्ण रूप से समाप्त नहीं हो जाता, तब तक दूसरी सड़क पर कार्य प्रारंभ नहीं किया जाए। ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए तथा कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से कुछ बड़ी परियोजनाओं की समय-सीमा में 10 दिनों का व्यावहारिक विस्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित