पटना , जून 09 -- टना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने मंगलवार को पार्षद एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ पाटलिपुत्र अंचल अंतर्गत वार्ड संख्या 7, 8, 20 और 22 का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मानसून की तैयारियों, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति की वार्डवार गहन समीक्षा की गई।

इस दौरान नगर आयुक्त ने राजबंशी नगर और पुनाईचक ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र के नालों के लेवल की जांच कराने के निर्देश दिए। ए.एन. कॉलेज के पास स्थित नाले की नियमित सफाई के बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा कचरा फेंके जाने से जल प्रवाह बाधित होने की शिकायत मिली। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाले को लोहे की जाली से ढंकने का निर्देश दिया गया।मोहनपुर नाले के निरीक्षण के दौरान कल्वर्ट के पास जमी गंदगी को तत्काल साफ करने के निर्देश दिये गए।

पानी टंकी के समीप स्थित यार्ड में लंबे समय से पड़े बेकार वाहनों को हटाने, परिसर की सफाई कराने तथा ड्यू कटर से बाउंड्री निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए।

नगर आयुक्त ने संबंधित पार्षद एवं प्रतिनिधियों से स्ट्रीट लाइट की स्थिति की जानकारी ली और कार्यपालक अभियंता (विद्युत) को निर्देशित किया कि वे शाम के समय स्वयं सभी लाइटों की स्थिति का निरीक्षण करें तथा अधिष्ठापित सभी स्ट्रीट लाइटों का संचालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति परियोजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि वार्ड संख्या 8 स्थित कौटिल्य नगर में एजी कॉलोनी मेन रोड से क्वालिटी सेंटर दुकान तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा कर लिया गया है। इस परियोजना को 24 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया था। इसी वार्ड में जमुना नगर (रोड संख्या-5) तथा वी.एन. ठाकुर चौक (रोड संख्या 6 एवं 7) में पाइपलाइन की दो अन्य परियोजनाओं पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही, वार्ड संख्या 22 में अनुग्रह नारायण रोड, मैनपुरा तथा राजापुर गेट संख्या 31 से 41 तक प्रस्तावित पाइपलाइन की दो परियोजनाएं भी पूरी कर ली गई हैं।वार्ड संख्या 7 के महेश नगर में रोड संख्या 3ए की पाइपलाइन परियोजना लगभग 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। रोड संख्या 4 में भी पाइपलाइन परियोजना प्रस्तावित है। नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में सड़क पुनर्स्थापन का कार्य कराया जा रहा है। सड़क कार्य पूर्ण होने और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था उपलब्ध होने के बाद रोड संख्या 4 में पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को बताया गया कि वार्ड 20 में श्रीराम पथ, पंचवटी गली, विशंभर धारी रोड, राजधानी गैस गोदाम रोड में स्वीकृत रिस्टोरेशन का कार्य पूर्ण हो गया है। इसी वार्ड में प्रस्तावित आरडी टावर से कांती सिंह मार्ग एवं पोस्ट ऑफिस रोड का कार्य शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही वार्ड संख्या 22 में शिवालिक अपार्टमेंट से पंचवटी तक एवं पाटलिपुत्र कॉलोनी में रॉयल एग्जीक्यूटिव गेस्ट हाउस से मकान संख्या 285 तक सड़क पुनर्स्थापन की दो परियोजनाएं भी पूर्ण हो चुकी हैं। वर्तमान में इसी वार्ड नमें रामकृष्ण पथ के रिस्टोरेशन का कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 22 की माननीय पार्षद श्रीमती अनीता देवी तथा वार्ड संख्या 7 और 8 के पार्षद प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित