पटना , जुलाई 12 -- टना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने रविवार को पटना जंक्शन के समीप स्थित न्यू मार्केट, मंदिरी संप हाउस, खेतान मार्केट एवं हथुआ मार्केट का निरीक्षण किया। श्री मीणा ने निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम जन और दुकानदारों से भी बातचीत की और अधिकारियों को साफ सफाई, जलनिकासी से संबंधित आवश्यक निर्देश दिये।

न्यू मार्केट के निरीक्षण के दौरान दुकानदारों ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि न्यू मार्केट की सड़क मुख्य सड़क की तुलना में लगभग ढाई फीट नीचे होने के कारण वर्षा के समय जलनिकासी की गति धीमी हो जाती है। नगर आयुक्त ने लस्सी गली में 10 एचपी क्षमता का अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश दिए। वहीं, चंद्रकला गली में वर्तमान में स्थापित 10 एचपी के पंप के स्थान पर 26 एचपी क्षमता का पंप अधिष्ठापित करने का निर्देश भी दिया, ताकि जलनिकासी की क्षमता बढ़ाई जा सके।

निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कच्चा नाला तैयार करने के निर्देश दिये। क्षेत्र में साफ सफाई और त्वरित जलनिकासी के लिए अतिरिक्त मजदूरों की तैनाती कर तीन पालियों में कार्य कराने के निर्देश दिये गए।

मंदिरी संप हाउस के निरीक्षण के दौरान श्री मीणा ने वर्षा के दौरान संप हाउस का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वाटर लेवल की निगरानी करते रहने और मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने हथुआ मार्केट एवं खेतान मार्केट का निरीक्षण कर वहां के दुकानदारों से बातचीत की तथा वर्षा के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बांकीपुर के कार्यपालक पदाधिकारी को इस व्यावसायिक क्षेत्र में प्रतिदिन फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा के समय त्वरित जलनिकासी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष टीम को अस्थायी रूप से इसी क्षेत्र में तैनात करने का निर्देश दिया, ताकि जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने पर कम से कम समय में जलनिकासी की जा सके।

उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र अपेक्षाकृत निचला होने के कारण यहां वर्षा के दौरान जलजमाव की संभावना बनी रहती है। इसी को देखते हुए पटना नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में तीन से चार सुपर सकर मशीनें तैनात की जाती हैं, जिनके माध्यम से त्वरित जलनिकासी सुनिश्चित की जाती है।

निरीक्षण के दौरान पाटलिपुत्र अंचल, नूतन राजधानी अंचल एवं बांकीपुर अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित