पटना , मई 27 -- गामी मानसून को देखते हुए राजधानी में जलजमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पटना नगर निगम की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने निगम सभागार में वरीय पदाधिकारियों, सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान पिछले मानसून के अनुभवों की समीक्षा भी की गई। बैठक में बताया गया कि कुछ क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर नालों एवं जलनिकासी मार्गों में कचरा डालकर जल निकासी को बाधित किया गया था, जिसके कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जलनिकासी व्यवस्था में जानबूझकर बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

नगर आयुक्त श्री मीणा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान जलनिकासी व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि नालों एवं जलनिकासी मार्गों में कचरा न डालें तथा किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों की सूचना तत्काल नगर निगम को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित