पटना , मई 26 -- टना नगर निगम क्षेत्र में संचालित बोरिंग एवं पाइपलाइन से संबंधित विभिन्न जलापूर्ति परियोजनाओं की समीक्षा नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में की गई। बैठक में परियोजनाओं की प्रगति, वर्तमान स्थिति तथा लंबित कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर वर्तमान में कार्य चल रहा है, उन्हें 31 मई तक पूर्ण किया जाए। वहीं, जो परियोजनाएं अब तक प्रारंभ नहीं हो सकी हैं, उन्हें शीघ्र शुरू कर 15 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए।
वर्तमान में निगम क्षेत्र में पाइपलाइन की कुल 760 परियोजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 348 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा 28 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार, बोरिंग अधिष्ठापन की 266 परियोजनाओं में 182 पूर्ण हो चुकी हैं और 16 परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
बैठक में परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित सहायक अभियंताओं, कनीय अभियंताओं एवं संवेदकों से प्रत्येक परियोजना की वस्तुस्थिति, प्रगति तथा कार्य में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली गई।
बैठक में कुछ संवेदकों की अनुपस्थिति पर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित संवेदकों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित