कोल्हापुर , जनवरी 20 -- महाराष्ट्र में निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कोल्हापुर जिले के मुरगुड नगर परिषद के नगर अभियंता को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।

एसीबी के सूत्रों के मुताबिक नगर अभियंता प्रदीप पांडुरंग देसाई ने शिकायतकर्ता से जिले के हुपारी नागपतिशाद के पूरे हो चुके अंदरूनी कामों का एमबी रजिस्टर देने की एवज में यह राशि ली थी।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ठेकेदार ने जिले के हुपारी नागपतिशाद का अंदरूनी काम पूरा किया था और अंतिम भुगतान के लिए एमबी रजिस्टर के लिए आरोपी से संपर्क किया था, जिन्होंने इसके लिए डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 1.30 लाख रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने पहली किस्त के तौर पर 50,000 रुपये पहले ही दे दिए थे। देसाई ने 40,000 रुपये की दूसरी किस्त के लिए ज़ोर दिया।

शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी ब्यूरो के अधिकारियों को दी जिन्होंने सोमवार देर शाम आदमपुर 'तीर्थक्षेत्र' में श्री बालूमामा मंदिर में जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो की टीम जिले की भूदरगढ़ तहसील के मिंचे-खुर्द में संदिग्ध आरोपी के घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरु किया जो अभी भी चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित