जयपुर , सितम्बर 08 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत जयपुर जिले में मतदान दिवस के अवसर पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में कार्यरत एवं मतदाता के रूप में पंजीकृत कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) ने मंगलवार को बताया कि प्रथम चरण में बुधवार को जयपुर जिले के नगर परिषद् शाहपुरा एवं चौमूं तथा नगरपालिकाओं बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायणा, फागी एवं वाटिका के निर्वाचन क्षेत्रों में सवैतनिक अवकाश रहेगा। द्वितीय चरण में शुक्रवार को नगर निगम जयपुर के निर्वाचन क्षेत्र में मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश रहेगा।
उन्होंने बताया कि जयपुर जिले के ऐसे कार्मिक जो उपर्युक्त नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं लेकिन अपने काम-काज के सिलसिले में अन्य स्थानों पर नियोजित हैं, उन्हें भी मतदान दिवस पर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जाएगा। यह व्यवस्था संबंधित मतदाताओं को मतदान के अवसर से वंचित न होने देने के उद्देश्य से की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित