अलवर , सितंबर 18 -- राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं पुलिस प्रशासन पर नगरीय निकाय चुनाव में बोर्ड बनाने के लिए कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों पर दबाव बनाने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किये जाने का आरोप लगाया है।
श्री जूली ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि इस तरह के आरोपों को लेकर कांग्रेस की ओर से अलवर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत किए जाने की रिपोर्ट भी सामने आयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को अलवर नगर निगम में स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, इसके बावजूद सत्ता और प्रशासनिक तंत्र के सहारे बोर्ड बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को अलग-अलग तरीकों से दबाव में लेने की कोशिश की जा रही है। कहीं पटवारी जमीन की पैमाइश के लिए पहुंच रहा है, कहीं जीएसटी की टीम भेजी जा रही है तो कहीं प्रदूषण विभाग की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पार्षदों और उनके परिवारों को परेशान किया जा रहा है और सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि "सरकार घबराई हुई है, इसलिए प्रशासनिक मशीनरी का सहारा लिया जा रहा है।
उन्होंने अलवर ग्रामीण के वार्ड संख्या दस से जुड़ी एक महिला निर्वाचित पार्षद को कथित तौर पर पुलिस द्वारा जबरन ले जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस मामले में संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित