भिण्ड , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर के बाजारों में फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने कार्रवाई करते हुए करीब 150 अतिक्रमण हटाए और सात व्यापारियों के चालान काटकर 1,400 रुपये की वसूली की। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया। हालांकि, कार्रवाई कुछ स्थानों तक सीमित रहने को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है।
सोमवार शाम सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती नगर पालिका अमले के साथ खंडा रोड पहुंचे। उनके साथ दो जेसीबी और लोडिंग ट्रैक्टर भी थे। जेसीबी देखकर व्यापारियों में हलचल मच गई। नगर पालिका अमले ने नाले के ऊपर अतिक्रमण कर बनाए गए चबूतरों और शेड को तुड़वा दिया। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने अधिकारियों और कर्मचारियों का विरोध किया। कार्रवाई के बाद नगर पालिका का अमला वहां से रवाना हो गया।
इसके बाद सीएमओ दल-बल के साथ रेलवे स्टेशन स्थित सब्जी मंडी रोड पहुंचे। यहां फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले एक व्यापारी का 200 रुपये का चालान काटा गया। सीएमओ के वापस लौटने के बाद कर्मचारियों ने अन्य फुटपाथी व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी। कुल सात चालान काटे गए और 1,400 रुपये की वसूली हुई।
शहर के मुख्य बाजारों से लेकर छोटे-बड़े मार्गों तक दुकानदारों ने फुटपाथ पर सामान सजा रखा है। इससे पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ता है और कई जगह यातायात भी प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बड़े व्यापारी फुटपाथ पर जगह देकर छोटे दुकानदारों से रोजाना किराया वसूलते हैं। उनका कहना है कि केवल फुटपाथी दुकानदारों के चालान काटने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा और फुटपाथ पर जगह देने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
वही नगर पालिका का अमला दोनों बाजारों में करीब डेढ़ घंटे तक रहा। इस दौरान 150 से ज्यादा अतिक्रमणकारियों में से कुछ स्थानों पर ही कार्रवाई हो सकी। सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। शहर को अस्थायी अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर पालिका कार्रवाई करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित