यमुनानगर , अगस्त 26 -- हरियाणा नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर नगरपालिका और फायर कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 21वें दिन भी जारी रही।

कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 21वें दिन की हड़ताल की अध्यक्षता संयुक्त रूप से नगर पालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन नगर पालिका शाखा सचिव सुभाष और अग्निशमन जिला सचिव रिंकू कुमार ने किया।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार 13 मई को हुए समझौते को लागू करने से पीछे हट रही है। सरकार के टालमटोल रवैये को देखते हुए नगर पालिका एवं अग्निशमन की राज्य कमेटी ने बैठक कर हड़ताल को चार दिन और बढ़ाकर 30 अगस्त तक जारी रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं होते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

संघ नेताओं ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय, कराधान एवं आपदा प्रबंधन विभागों से जुड़े कर्मचारी लंबे समय से हड़ताल पर हैं, जिससे न केवल कर्मचारी बल्कि आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभागों के मंत्री विपुल गोयल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पांच अगस्त के बाद मंत्री विपुल गोयल ने हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों से कोई सार्थक बातचीत नहीं की है। कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर सड़कों पर हैं, लेकिन संबंधित मंत्री की चुप्पी उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है।

संघ ने आरोप लगाया कि सरकार हड़ताल समाप्त कराने के लिए गंभीर बातचीत करने की बजाय कर्मचारियों को भड़काने और आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

नगरपालिका कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित मंत्रियों को निर्देश देकर सभी हड़ताली कर्मचारियों के साथ तत्काल वार्ता कराई जाये और सहमति से लंबित मांगों के पत्र जारी किए जायें। संघ ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का सम्मानजनक समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित