नारायणपुर , मई 17 -- ) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में जिले के नक्सल मुक्त होने से अबूझमाड़ के अति दूरस्थ क्षेत्र कोड़ेनार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
शिविर के दौरान ग्राम कारकाबेड़ा के ग्रामीणों ने गांव में स्कूल खोलने की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर कलेक्टर नम्रता जैन ने तत्परता दिखाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल को तत्काल स्कूल खोलने के निर्देश दिये।
कलेक्टर के निर्देश और जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में सबसे पहले संकुल समन्वयक एवं शिक्षकों की टीम द्वारा ग्राम कारकाबेड़ा का सर्वे कराया गया। सर्वे के दौरान गांव में 20 बच्चे पढ़ाई के योग्य पाए गए। इसके बाद कलेक्टर के पुनः निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी संतुराम नूरेटी, खंड स्रोत समन्वयक लक्ष्मीकांत सिंह, संकुल समन्वयक कारूराम नूरेटी, सरपंच रामूराम वड्डे तथा शिक्षकों की टीम ने कई नदी-नालों और पहाड़ियों को पार करते हुए लगभग पांच घंटे की पैदल यात्रा कर अति दूरस्थ कारकाबेड़ा पहुंचकर नवीन प्राथमिक शाला का शुभारंभ किया। स्कूल प्रारंभ होने के साथ ही बच्चों को निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक, स्लेट, पेंसिल, श्यामपट्ट सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। स्कूल खुलने से बच्चों और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित