रायपुर , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को कहा कि नक्सल प्रकरणों में जेल में निरुद्ध लोगों के मामलों की शीघ्र एवं न्यायसंगत समीक्षा कर पात्र मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्री शर्मा ने विधानसभा परिसर में बस्तर क्षेत्र से आए जनप्रतिनिधियों, नक्सल प्रकरणों में निरुद्ध लोगों के परिजनों, नक्सल पीड़ितों और युवाओं से मुलाकात कर उनके मामलों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को मंत्रालय में गृह विभाग के प्रमुख सचिव, संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर संभाग के सभी 12 जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा कर कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रकरणों को जनहानि वाले और जनहानि रहित मामलों में विभाजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में जनहानि नहीं हुई है, उनकी समीक्षा संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक प्रत्येक सप्ताह अभियोजन अधिकारियों और शासकीय अधिवक्ताओं के साथ करेंगे, ताकि पात्र लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। वहीं जनहानि वाले लंबित मामलों में चालान प्रस्तुत करने, गवाहों की पेशी और न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि यदि किसी अभियुक्त के परिजन अपने मामले की समीक्षा कराना चाहते हैं तो वे संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक को आवेदन दे सकते हैं। ऐसे आवेदनों का अभियोजन अधिकारियों और शासकीय अधिवक्ताओं की टीम विधिसम्मत परीक्षण करेगी।
उन्होंने कहा कि माओवादी हिंसा ने वर्षों तक बस्तर सहित अनेक क्षेत्रों को प्रभावित किया, लेकिन अब स्थिति तेजी से बदल रही है। हाल में नक्सल प्रभावित किसकोड़ो गांव के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने पहली बार वास्तविक आजादी का अनुभव होने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर में शांति, विकास और विश्वास का वातावरण मजबूत करने के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य कर रही है।
उन्होंने बस्तर के युवाओं से विकास की मुख्यधारा से जुड़ने तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय कार्यक्रम फॉर ऑर्गेनिक प्रोडक्शन (एनपीओपी) के तहत प्रमाणित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।
बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक, नीलकंठ टेकाम, विक्रम उसेंडी, कवासी लखमा, विक्रम मंडावी सहित बस्तर क्षेत्र के अनेक युवा उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित