सुकमा , नवंबर 08 -- छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित रहे पूवर्ती गांव में इस वर्ष दीपावली का पर्व शांति, उत्साह और आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाया गया।

सुकमा पुलिस की सामुदायिक पहल 'निवा दुवड़ ते' के अंतर्गत रविवार को आयोजित दीपोत्सव में ग्रामीणों के साथ पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों ने भाग लिया।

यह जानकारी आज दी गई । इस आयोजन के जरिए क्षेत्र में शांति बहाली और पुलिस तथा स्थानीय समुदाय के बीच बढ़ते विश्वास का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में ग्राम पूवर्ती में विशेष दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीओपी जगरगुंडा प्रभात पटेल और थाना प्रभारी जगरगुंडा परशुराम पैकरा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

गांव की बस्ती में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और आत्मसमर्पित नक्सलियों ने हिस्सा लिया। सुकमा पुलिस एवं डीआरजी के जवानों ने ग्रामीणों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। आयोजन के दौरान सामाजिक सौहार्द, आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना देखने को मिली।

दीपोत्सव के अवसर पर पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों को उपहार भी वितरित किए। महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को पारंपरिक लुंगी प्रदान की गईं, जबकि बच्चों को मिठाई के पैकेट बांटे गए। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस झूले की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने उत्साहपूर्वक आनंद उठाया।

शाम ढलने के बाद गांव के मुख्य चौराहे पर आतिशबाजी का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट और पटाखों की गूंज के बीच ग्रामीणों तथा सुरक्षा बलों के जवानों ने एक साथ पर्व मनाया। लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में दीपावली का यह सामूहिक आयोजन बदले हुए माहौल की झलक प्रस्तुत करता नजर आया।

इस दौरान एसडीओपी जगरगुंडा प्रभात पटेल और थाना प्रभारी परशुराम पैकरा ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और क्षेत्र की परिस्थितियों पर चर्चा की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को क्षेत्र में निरंतर सुरक्षा, शांति और विकास सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए सुकमा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार 'निवा दुवड़ ते' जैसी सामुदायिक गतिविधियों का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

उल्लेखनीय है कि नक्सल प्रभाव से मुक्त होने के बाद पूवर्ती गांव में ग्रामीणों, आत्मसमर्पित नक्सलियों और सुरक्षा बलों का एक साथ दीपावली मनाना क्षेत्र में शांति एवं सामान्य जनजीवन की बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। सुकमा पुलिस ने क्षेत्र में स्थायी शांति बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित