रायपुर , सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर और कांकेर जैसे क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने के साथ विकास और समृद्धि के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 138वीं कड़ी सुनने के बाद यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 'हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा' अभियान का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि जनभागीदारी आधारित राज्य के नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
श्री साय ने कहा, "प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और नवाचारों को 'मन की बात' के माध्यम से राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं। छत्तीसगढ़ के प्रयासों का लगातार उल्लेख प्रदेशवासियों के परिश्रम और सहभागिता का सम्मान है।"उन्होंने 'हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा' अभियान को कुपोषण के विरुद्ध लड़ाई में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि मुनगा पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके पत्ते, फल और फूल भोजन में उपयोग किए जाते हैं तथा इनमें आयरन समेत अनेक पोषक तत्व पाए जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने और इसके पोषण लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले भी 'मन की बात' में बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार में प्राप्त ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया जिले के 'पांच प्रतिशत जल संचय मॉडल' जैसे छत्तीसगढ़ के प्रयासों का उल्लेख किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि स्थानीय आवश्यकता और जनभागीदारी से किए गए ऐसे प्रयास व्यापक बदलाव का आधार बन सकते हैं।
नक्सलवाद के मुद्दे पर साय ने कहा कि बस्तर के साथ कांकेर का यह क्षेत्र भी लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से राज्य नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले भय और असुरक्षा का वातावरण था, वहां अब शांति और विश्वास के साथ विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्राम लामकन्हार में शिक्षा, अधोसंरचना और सामुदायिक सुविधाओं के लिए कुल 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपये, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपये तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपये शामिल हैं।
'मन की बात' कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा भी लगाया। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित