कांकेर, मार्च 15 -- त्तीसगढ में कांकेर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चल रहे अभियान के तहत हापाटोला और बिनगुण्डा के घने जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा बनाए गए चार स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। ये स्मारक पूर्व में मारे गए नक्सलियों की याद में बनाए गए थे और इन्हें नक्सली प्रचार-प्रसार और रैली के लिए इस्तेमाल करते थे।

कांकेर पुलिस से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार,तलाशी अभियान के दौरान ही जवानों ने इस इलाके में छुपाकर रखे गए विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा भी बरामद किया है। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि मौके से चार नग आईईडी बम, जिनका वजन काफी अधिक था, बरामद किए गए हैं। इन बमों को नक्सलियों ने जंगल में पेड़ों और झाड़ियों में इस तरह छुपाकर रखा था कि सुरक्षा बलों के जवानों को नुकसान पहुंचाया जा सके। बमों को तुरंत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा नक्सलियों के दैनिक उपयोग के कुछ सामान, नक्सली साहित्य और दवाइयां भी बरामद हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित