बैतूल , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई तहसील अंतर्गत ग्राम हथनापुर निवासी एक दिव्यांग किसान ने कृषि भूमि के नक्शे में कथित त्रुटि तथा ऋण पुस्तिका में दर्ज जाति में सुधार कराने की मांग को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार किसान पन्नालाल पिता सालकराम ने जनसुनवाई में दिए आवेदन में कहा है कि वह पिछले 14 वर्षों से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

आवेदन में बताया गया है कि उनकी कृषि भूमि का खसरा नंबर 87/2 है। उनका आरोप है कि तैयार किए गए नक्शे में गलत खसरा नंबर दर्ज होने से राजस्व अभिलेखों में विसंगति बनी हुई है। इस संबंध में उन्होंने वर्ष 2012, 2022 और 2024 में तहसीलदार न्यायालय तथा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से कई आवेदन दिए, लेकिन अब तक समस्या का निराकरण नहीं हुआ।

किसान ने यह भी कहा कि उनकी ऋण पुस्तिका में जाति 'पंवार' दर्ज है, जबकि उनकी वास्तविक जाति 'मेहरा' है। इस त्रुटि के कारण नई ऋण पुस्तिका जारी नहीं हो पा रही है, जिससे उन्हें कृषि ऋण तथा अन्य शासकीय सुविधाएं प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने कलेक्टर से मामले की जांच कर राजस्व अभिलेखों और ऋण पुस्तिका में आवश्यक सुधार कर शीघ्र राहत दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित