फगवाड़ा , सितंबर 18 -- पंजाब के नकोदर में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बिस्त दोआब नहर का जलस्तर बढ़ने से पानी किनारों के ऊपर से बहकर आसपास के निचले रिहायशी इलाकों में घुस गया जिससे कपूरथला चौक के पास बागड़पुरा और कमालपुरा क्षेत्रों की गलियों तथा प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया।

स्थानीय निवासियों के अनुसा, नहर में पिछले दो-तीन दिनों से पानी का स्तर ऊंचा था और गुरुवार देर रात पानी का बहाव बढ़ने के बाद शुक्रवार सुबह स्थिति बिगड़ गयी। उन्होंने दावा किया कि करीब तीन साल पहले भी इसी स्थान पर नहर के किनारे टूटने से शहर के बड़े हिस्से में जलभराव हुआ था और लोगों को नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली घटना के बावजूद संवेदनशील हिस्से को मजबूत करने के लिए स्थायी उपाय नहीं किये गये।

स्थानीय निवासी मोहन लाल ने बताया कि सुबह करीब छह बजे घरों के पास पानी पहुंचा तो उन्होंने वार्ड पार्षद और नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप शेरपुर को सूचना दी। इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि कर्मचारियों ने मिट्टी या रेत की बोरियों की व्यवस्था नहीं की और कहा कि नहर के पानी को नियंत्रित करना सिंचाई विभाग की जिम्मेदारी है।

निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग का कोई अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि नहर के संवेदनशील हिस्सों की पहले से पहचान कर बारिश के मौसम में सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए थे। नहर का पानी खेतों में पहुंचने से आसपास के किसानों में भी चिंता है। धान की फसल पकने के करीब है और लंबे समय तक जलभराव रहने से फसल को नुकसान हो सकता है।

निवासियों ने प्रशासन से नहर के पानी को तत्काल नियंत्रित करने, कमजोर किनारों को मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित