झाबुआ , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में सोने के बिस्किट असली बताकर 4 लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गुजरात के अहमदाबाद जिले के धोलका निवासी जगदीशचंद्र पिता दलपतराम पाठक ने झाबुआ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि मजदूरी के दौरान उसकी मुलाकात मानसिंह भील से हुई थी। मानसिंह ने उसे बताया कि उसकी चाची को पुराने मकान की खुदाई के दौरान सोने के बिस्किट मिले हैं। उसने जगदीशचंद्र को सोने के कुछ टुकड़े भी दिए, जिन्हें फरियादी ने ज्वेलर्स से जांच कराया और वे असली सोने के बताए गए।
इसके बाद जगदीशचंद्र कम कीमत में सोने के बिस्किट खरीदने के लिए तैयार हो गया। वह झाबुआ जिले के पिटोल पहुंचा, जहां उसने मानसिंह, उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को चार लाख 90 हजार रुपये दिए। आरोपियों ने उसे सोने के बिस्किट सौंप दिए। बाद में जांच कराने पर बिस्किट नकली पाए गए। ठगी का पता चलने पर फरियादी ने झाबुआ थाने में शिकायत की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 940/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी रोशना पति नाजु डामोर (35), निवासी आमलिफलिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रकरण के अनुसार ठगी के लिए लोगों को कथित रूप से पुराने मकान या जमीन की खुदाई में सोना मिलने की बात बताकर कम कीमत पर बड़ी मात्रा में सोना देने का झांसा दिया जाता है। विश्वास कायम करने के लिए पहले असली सोने का छोटा टुकड़ा दिखाने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और इस तरह की ठगी से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित