अलवर , जुलाई 07 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए कांकरा गांव में संचालित कथित नकली पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एक गोदाम से 6510 लीटर ज्वलनशील तरल पदार्थ, एक स्कॉर्पियो वाहन, फर्जी नंबर प्लेट, मोटर पंप, पाइप, माप उपकरण और 89 खाली ड्रम जब्त किये हैं। मामले में आरोपी कोशिंद्र गुर्जर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि डीसटी के साथ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कांकरा गांव स्थित गोदाम पर छापा मारा। सूचना मिली थी कि यहां नकली पेट्रोल और डीजल तैयार करके आसपास के क्षेत्रों में असली बताकर बेचा जा रहा है। कार्रवाई के दौरान गोदाम का ताला खुलवाकर तलाशी ली गयी, तो वहां 32 ड्रमों में करीब 6510 लीटर विभिन्न प्रकार के ज्वलनशील तरल पदार्थ मिले। इनमें करीब 310 लीटर हरे रंग का पेट्रोलियम पदार्थ, 4800 लीटर भूरे रंग का पारदर्शी तरल और 1400 लीटर पानी जैसे रंग का ज्वलनशील पदार्थ शामिल है।

अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह पदार्थ न तो शुद्ध पेट्रोल प्रतीत होता है और न ही डीजल। इसकी वास्तविक प्रकृति का खुलासा फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित