देहरादून , मई 06 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने टिकट और पद के लिए कांग्रेस में हुई ठगी को उसकी आपसी खींचतान का नतीजा बताया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल स्पष्ट कर चुके हैं कि डेढ़ महीने से उनके खिलाफ साजिश हो रही है और पुलिस गिरफ्त में आरोपी उन्हे भी हटाने और सेटलमेंट की बात कर रहा था।
श्री चौहान ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा कही गयी बात से साफ है कि कांग्रेस में अध्यक्ष को बदलने की लड़ाई चल रही है। टिकट और पद की खरीद तथा पद से हटाने की सुपारी जैसी खबरें दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के कथन के अनुसार वह जानते हैं कि इस खेल के पीछे कौन है और आरोपी ने पुलिस को भी सब बताया है। इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष को राजनीति के उच्च मानदंड स्थापित करते हुए उस नाम को सार्वजनिक करना चाहिए कि आखिर वह कौन था जो खरीद फरोख्त की प्रणाली को बढ़ावा दे रहा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद फरोख्त से कांग्रेस का पुराना नाता रहा है। हालांकि जिस महिला नेत्री की रिपोर्ट पर यह खुलासा हुआ है वह लगातार पूर्व में कांग्रेस में टिकट बेचने के आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के फर्जी पीए को पार्टी पदों को खरीदने के लिए पैसों का अग्रिम भुगतान बताता है कि कांग्रेस पार्टी के अंदर नैतिकता रसातल में चली गई है। कांग्रेसी किसी फर्जी व्यक्ति को पैसे देकर या किसी भी साजिश से अपने ही अध्यक्ष को हटाना चाहते हैं। लेकिन अफसोस और दुर्भाग्यपूर्ण कि देहरादून से लेकर दिल्ली तक किसी को ऐसी जानकारी सामने आने पर कोई फर्क नहीं पड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित