रुद्रपुर , मई 28 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले की गदरपुर पुलिस ने गुरुवार को नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 4.54 करोड़ रुपये के असली एवं नकली नोट बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने आज इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आपरेशन प्रहार के तहत गदरपुर पुलिस टीम की ओर से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में 500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। जांच में सामने आया कि कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के 500 रुपए के असली नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे चिल्ड्रन बैंक आफ इंडिया नाम से अंकित नकली नोट रखे गए थे। पुलिस के अनुसार इस तरीके से लोगों को धोखा देकर नकली नोट खपाने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से लगभग 4.54 करोड़ रुपये मूल्य के असली एवं नकली नोट बरामद किए।
इसके बाद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 179/180/3(5) के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए और किन क्षेत्रों में इन्हें खपाने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपियों में मुनतियाज निवासी केशव नगर वार्ड नंबर 6, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर, तथा मनोज कुमार निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज थाना गदरपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर शामिल हैं।
एसएसपी के अनुसार आर्थिक अपराध, नकली नोट और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित