पटना , अक्टूबर 12 -- भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा ने सोमवार को नकली दवा मामले में अदालत से बरी होने के बाद कांग्रेस और विपक्षी नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है।

बिहार के पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष चुनाव से पहले उनके खिलाफ बिना तथ्यों की जांच किए राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर दुष्प्रचार किया गया और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही उन्हें दोषी ठहराने की कोशिश की गई।

श्री मिश्रा ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राजस्थान के राजसमंद स्थित न्यायालय ने 29 सितंबर को इस मामले में सभी आरोपियों को बरी कर दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद उन नेताओं को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, जिन्होंने मामले के न्यायालय में विचाराधीन रहने के दौरान उनके खिलाफ बयानबाजी की और इस्तीफे की मांग की थी।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष चुनाव से पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और अन्य नेताओं ने सदाकत आश्रम में संवाददाताओं से बात कर उन्हें नकली दवा बनाने वाले गिरोह का सरगना तक बता दिया था। उन्होंने कहा कि न्यायालय के अंतिम फैसले की प्रतीक्षा किए बिना उनके खिलाफ राजनीतिक बयानबाजी की गई, जबकि मामला उस समय न्यायिक प्रक्रिया के अधीन था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित