बालोद , अगस्त 27 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गोटूलमुंडाव गांव में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के भवनों की खराब स्थिति को लेकर गुरुवार को पालकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए स्कूल में तालाबंदी कर दी। पालक दोनों शालाओं के लिए नए भवन की मांग कर रहे हैं। तालाबंदी के कारण बच्चे स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं कर सके और गेट के सामने बैठकर पढ़ाई करते नजर आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राथमिक और माध्यमिक शाला में कुल 41 बच्चे अध्ययनरत हैं। पालकों का आरोप है कि दोनों स्कूल भवन लंबे समय से खराब स्थिति में हैं, जिसके कारण विद्यार्थियों को अतिरिक्त कमरों में बैठाकर पढ़ाई करानी पड़ रही है।
बताया गया कि करीब तीन साल पहले माध्यमिक शाला भवन की छत को नए सिरे से बनाने के लिए तोड़ा गया था लेकिन अब तक भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। दूसरी ओर प्राथमिक शाला का भवन भी जर्जर हालत में है। भवनों की स्थिति और निर्माण में हो रही देरी को लेकर पालकों में नाराजगी बनी हुई है।
नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को पालकों ने स्कूल के गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान स्कूल पहुंचे बच्चे गेट के सामने बैठकर पढ़ाई करते रहे।
स्कूल में तालाबंदी और पालकों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने वहां पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित