पटना , जुलाई 24 -- िहार में नए बाजार मूल्य दर (एमवीआर) लागू होने के बावजूद संपत्ति निबंधन की संख्या में कोई खास कमी नहीं आई है। इसके विपरित राजस्व संग्रह में पिछले वर्ष की तुलना में अच्छी खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार , वर्ष 2026 में 18 जून से 18 जुलाई तक (एक महीने में) कुल 01 लाख 81 हजार 702 जमीन, मकान या फ्लैट का निबंधन हुआ, जिससे 919 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। जबकि पिछले वर्ष 2025 में इसी अवधि में 02 लाख 02 हजार 637 संपत्ति निबंधित हुए थे और 788 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व विभाग को हासिल हुआ था। यानी संपत्ति निबंधन की संख्या में कमी के बावजूद राजस्व में 131 करोड़ रुपये की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

गौरतलब है कि इस वर्ष 18 जून को राज्यभर में नया एमवीआर लागू हुआ था, ग्रामीण क्षेत्रों में 1.6 गुना और शहरी और पेरिफेरल क्षेत्रों में दोगुना बढ़ोतरी हुई है। पिछले कई वर्षों (ग्रामीण में 2013 और शहरी में 2016) से कोई संशोधन नहीं हुआ था। विभाग ने यह भी तय किया है कि अब हर साल एमवीआर में स्वत 05 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी और हर तीन साल में पूर्ण समीक्षा की जाएगी, जिसमें नयी सड़कों, नये औद्यौगिक क्षेत्र, नये शहरी क्षेत्र के विस्तार एवं राज्य में विकास परियोजनाओं हवाई अड्डा, रेलवे, औद्यौगिक पार्क, सिंचाई परियोजनाएं आदि को ध्यान में रखा जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित