भोपाल , अगस्त 11 -- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उच्चदाब (एचटी) उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 'अनुमानित मासिक एचटी बिल कैलकुलेटर' की सुविधा शुरू की है। यह सुविधा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के कंज्यूमर सर्विसेज में एचटी सर्विस सेक्शन पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन कैलकुलेटर के माध्यम से नया एचटी कनेक्शन लेने की योजना बना रहे उपभोक्ता प्रस्तावित कॉन्ट्रैक्ट डिमांड, संभावित विद्युत खपत, टैरिफ श्रेणी, आपूर्ति वोल्टेज, विद्युत शुल्क तथा टीओडी खपत जैसी जानकारी दर्ज कर संभावित मासिक बिजली बिल का अनुमान प्राप्त कर सकेंगे।
कंपनी के अनुसार यह सुविधा उद्योगों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों और अन्य एचटी उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी होगी। इसके माध्यम से उपभोक्ता नया कनेक्शन लेने से पहले संभावित विद्युत व्यय का अनुमान लगाकर अपनी परियोजना की वित्तीय योजना और निवेश संबंधी निर्णय बेहतर तरीके से कर सकेंगे। साथ ही टीओडी रिबेट या सरचार्ज तथा टैरिफ न्यूनतम (टीएमएम) के संभावित प्रभाव का भी अनुमान लगाया जा सकेगा।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने प्रस्तावित एचटी उपभोक्ताओं से नया कनेक्शन लेने से पहले कैलकुलेटर का उपयोग करने की अपील की है, ताकि संभावित विद्युत व्यय का अनुमान प्राप्त कर वित्तीय योजना तैयार की जा सके।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कैलकुलेटर से प्राप्त राशि केवल अनुमानित वित्तीय आकलन है। वास्तविक बिजली बिल का निर्धारण मध्यप्रदेश विद्युत विनियामक आयोग के प्रचलित टैरिफ आदेश, लागू नियमों तथा उपभोक्ता की वास्तविक मीटर रीडिंग और बिलिंग डेटा के आधार पर किया जाएगा। कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं को आधुनिक, पारदर्शी और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित