रांची , जुलाई 08 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आज नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय 'नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन 2026' का शुभारंभ नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ हुआ।
यह कार्यक्रम झारखंड को आईटी, नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में गूगल, आईबीएम, माइक्रोसॉफ्ट सहित देश की कई अग्रणी कंपनियों और निवेशकों ने भाग लिया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी ने स्पष्ट संदेश दिया कि "झारखंड केवल माइंस नहीं, बल्कि माइंड्स की भी धरती है। अब हमें खनिज संपदा के साथ मानव संसाधन और तकनीकी क्षमता का भी विकास करना है।"मुख्यमंत्री श्री सोरेन के विजन का निवेशकों ने स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि वे झारखंड में निवेश करेंगे तथा आईटी सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। इसे राज्य के लाखों युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अत्याधुनिक आईटी आधारित तकनीकों, डिजिटल हेल्थ सिस्टम और आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। यह दो दिवसीय सम्मेलन झारखंड के विकास की नई इबारत लिखेगा और राज्य को तकनीक एवं नवाचार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करेगा।
कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश ठाकुर, पूजा सिंघल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में निवेशक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित