टिहरी , मई 15 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए खेल छात्रावासों में प्रवेश का सुनहरा अवसर सामने आया है। कक्षा छह में प्रवेश के लिए खेल छात्रावासों के चयन ट्रायल आगामी 19 मई को आयोजित किया जायेगा।

चयन प्रक्रिया महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ तथा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट, चम्पावत के लिए प्रवेश 19 मई को पूर्वाह्न नौ बजे से घण्टाघर बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में आयोजित की जायेगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को पांचवीं कक्षा की अंकतालिका अथवा अध्ययनरत प्रमाण-पत्र, उत्तराखण्ड का मूल अथवा स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट आकार की दो नवीनतम फोटो प्रस्तुत करनी होंगी।

उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए बालक एवं बालिका की जन्मतिथि एक जुलाई 2013 से एक जुलाई 2015 के मध्य होना आवश्यक है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में क्रिकेट, जिम्नास्टिक, तैराकी, एथलेटिक्स, हॉकी, निशानेबाजी, फुटबॉल, बॉक्सिंग, आइस खेल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन एवं जुडो (केवल बालक वर्ग) के लिए प्रवेश दिया जाएगा। वहीं हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ में फुटबॉल, एथलेटिक्स एवं बॉक्सिंग तथा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग एवं बैडमिंटन खेलों के लिए चयन किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया के अंतर्गत खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें 60 मीटर दौड़, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, 60x10 शटल रन, फारवर्ड बेंड रीच, 400 ग्राम बॉल थ्रो एवं 800 मीटर दौड़ शामिल रहेगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का भत्ता अथवा आने-जाने का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। उन्होंने अभिभावकों एवं खिलाड़ियों से समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित