टिहरी , मई, 21 -- उत्तराखंड में विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा के नई टिहरी पहुंचने पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गुरुवार को बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, ढोल-दमाऊ और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डोली यात्रा का भव्य स्वागत किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी नई टिहरी पहुंचे और जगदीशिला डोली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऋषियों और देवताओं की भूमि है तथा यहां आयोजित होने वाली देव यात्राएं समाज में सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं प्रदेश की लोक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
यात्रा के संयोजक एवं पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि लोक संस्कृति और तीर्थाटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से पिछले 27 वर्षों से विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यात्रा 28 अप्रैल को हरिद्वार से प्रारंभ हुई थी और गढ़वाल तथा कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों और गांवों का भ्रमण करते हुए अपने 24वें दिन नई टिहरी पहुंची।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित