भिण्ड , फरवरी 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर की नई गल्ला मंडी में रंगदारी के इरादे से सरेआम गुंडागर्दी और हवाई फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को भिण्ड देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फरियादी सुमित बघेल निवासी सीतानगर नई गल्ला मंडी में मौजूद था, तभी चार युवकों ने उसे रोककर शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और रंगदारी मांगी। विरोध करने पर आरोपियों ने 315 बोर के देशी कट्टे से हवाई फायरिंग कर दी। अचानक चली गोली से मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना देहात में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपी शैलेष बघेल और आशीष बघेल निवासी सीतानगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित