विदिशा , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के विदिशा में 31 वर्षों से आयोजित हो रहे नंदोत्सव एवं मटकी फोड़ महोत्सव का आयोजन इस वर्ष आठ सितंबर को धूमधाम से किया जाएगा। आयोजन में सामाजिक समरसता की मिसाल देखने को मिलेगी। शमशाबाद तहसील के करीब 70 मुस्लिम युवा पहली बार मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष करीब 11 मटकियां बांधी जाएंगी और मध्यप्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश की टीमें भी प्रतियोगिता में शामिल होंगी। विदिशा की 10, भोपाल की दो, सागर की तीन तथा उत्तर प्रदेश के ललितपुर की एक टीम सहित अन्य टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

समिति अध्यक्ष रवि साहू ने बताया कि आयोजन पर करीब चार से पांच लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। प्रतियोगिता के बाद रात करीब आठ बजे लोकगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

समिति के अनुसार आयोजन की शुरुआत वर्ष 1996-97 में शहर के कुछ युवाओं ने मिलकर की थी। समय के साथ यह आयोजन शहर की पहचान बन गया और इसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेने लगे।

इस बार विभिन्न समुदायों के युवाओं की भागीदारी को विशेष महत्व देते हुए भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन समिति ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित