प्रयागराज , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' पर वर्ष 2010 में हुए आरडीएक्स हमले के मामले में साजिश रचने के आरोपी माफिया एवं हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्रा की लगभग 43 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी प्रयागराज पुलिस ने पूरी कर ली है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की जा रही है। पुलिस के अनुसार कुर्क की जाने वाली संपत्ति नैनी थाना क्षेत्र के छिवकी इलाके में स्थित एक मकान है। प्रशासन का दावा है कि यह संपत्ति आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से बनाई गई है।
गौरतलब है कि 12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज इलाके में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' पर रिमोट कंट्रोल बम से हमला किया गया था। स्कूटी में छिपाकर लगाए गए विस्फोटक में नंदी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि वरिष्ठ पत्रकार विजय प्रताप सिंह, राकेश मालवीय समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिलीप मिश्रा, ज्ञानपुर के तत्कालीन विधायक विजय मिश्रा और उनके करीबी शूटर आनंद पांडेय उर्फ पायलट समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार दिलीप मिश्रा के खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 54 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में बंद है। उसे मई 2020 में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माफिया और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर कुर्क करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।
सूत्रों के अनुसार पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई करेगी तथा मुनादी कराकर संपत्ति को प्रशासनिक कब्जे में लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित