कोलकाता , अक्टूबर 09 -- पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। उसकी उम्मीदवार हसीरानी रथ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 122753 मतों से पराजित किया।
नंदीग्राम सीट के लिए मंगलवार को मतदान हुआ था और शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई थी।
चुनाव आयोग के अनुसार 17 दौर की मतगणना के बाद श्रीमती रथ को कुल 164427 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार को 41674 मत मिले। तीसरे स्थान पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के शांति गोपाल गिरि रहे। उन्हें 5779 वोट पड़े।
पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट से उम्मीदवार श्रीमती रथ, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं, उनकी कुछ माह पूर्व हत्या कर दी गयी थी।
सुश्री ममता बनर्जी की पार्टी ममता तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार ने अचानक इस उपचुनाव में अपना नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद सुश्री बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की थी। नंदीग्राम सीट 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद से ही राजनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण रही है, जब श्री अधिकारी ने इस सीट से सुश्री बनर्जी को पराजित किया था।
यह उपचुनाव श्री अधिकारी के नंदीग्राम सीट से इस्तीफा देने के कारण कराया गया है। श्री अधिकारी 2026 के विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम तथा भवानीपुर दो सीटों से विजयी हुए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित