नंदीग्राम , अक्टूबर 05 -- चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में मतदान से एक दिन पहले सोमवार को नंदीग्राम थाने के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से हटाकर उनकी जगह देबाशीष सरकार को नियुक्त करने का आदेश दिया।
आयोग ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के यातायात नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रहे श्री सरकार को तत्काल कार्यभार संभालने और सोमवार शाम तक अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। आयोग ने अचानक किये गये इस बदलाव का कारण नहीं बताया है।
मतदान से करीब 24 घंटे पहले थाना प्रभारी को हटाये जाने का फैसला नंदीग्राम में बढ़े राजनीतिक तनाव के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रचार के अंतिम दिनों में बम हमलों के आरोपों और देसी बम बरामद होने की घटनाओं के बीच क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है।
मंगलवार को होने वाले मतदान में कुल 2,66,419 मतदाता 323 मतदान केंद्रों पर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 79 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
चुनाव आयोग ने मतदान में किसी भी तरह की बाधा रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। नंदीग्राम में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 37 कंपनियां तैनात की जा रही हैं, जिनमें करीब 3,700 जवान शामिल हैं। इनके अलावा लगभग 700 राज्य पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाये गये हैं।
सुरक्षा बल क्षेत्र में प्रभुत्व कायम करने, रूट मार्च, नाका जांच और सेक्टर ड्यूटी के साथ-साथ मतदान केंद्रों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रचार अभियान के दौरान हिंसा और बम से जुड़ी घटनाओं के आरोपों के बाद यह असाधारण सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। राजनीतिक रूप से संवेदनशील इलाकों में मतदाताओं को डराने-धमकाने या मतदान बाधित करने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित