कोलकाता , सितंबर 13 -- तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न पर ऋतब्रत बनर्जी समूह के साथ जारी खींचतान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले धड़े ने रविवार को पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। दोनों सीटों पर छह अक्टूबर को मतदान होना है।
ममता समूह ने नंदीग्राम सीट से संचिता प्रधान (डे) और रेजीनगर सीट से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।
तृणमूल कांग्रेस के कालीघाट समूह ने दोनों प्रत्याशियों को बधाई दी है। पार्टी ने कहा कि वह अपनी शीर्ष नेता के मार्गदर्शन और प्रेरणा से जनता की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर यह चुनाव लड़ेगी। दूसरी ओर, बागी ऋतब्रत बनर्जी समूह के सोमवार को दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान किये जाने की संभावना है। तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न 'जोड़ा फूल' पर दोनों गुटों के दावों का मामला फिलहाल चुनाव आयोग के समक्ष विचाराधीन है।
श्रीरामपुर से सांसद कल्याण बनर्जी ने रविवार को बताया कि चुनाव आयोग ने दोनों धड़ों के प्रतिनिधियों को 16-17 सितंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के उम्मीदवार अपने पारंपरिक चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ेंगे।
चुनाव आयोग ने शनिवार को दिल्ली में दोनों समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी और दोनों पक्षों को बुधवार (16 सितंबर) तक अपने बयान एवं प्रामाणिक दस्तावेज दाखिल करने को कहा है। दस्तावेज जमा करने की यह अंतिम तिथि उपचुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन भी है।
कालीघाट खेमे की इस त्वरित घोषणा से चुनाव चिह्न विवाद के बीच प्रतिद्वंद्वी बागी गुट पर राजनीतिक दबाव बढ़ गया है।
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद नंदीग्राम सीट खाली हुई थी। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी।
वहीं, रेजीनगर सीट 'आम जनता उन्नयन पार्टी' के नेता हुमायूं कबीर के त्यागपत्र देने से रिक्त हुई है। रेजीनगर से किस्मत आजमा रहे श्री चौधरी तृणमूल में शामिल होने से पूर्व कांग्रेस के टिकट पर 2013 और 2016 में यहां से चुनाव जीत चुके हैं। इसके बाद उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर भी इस सीट पर विजय हासिल की थी।
नंदीग्राम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने शांति गिरि को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने मिलन प्रधान को अपना उम्मीदवार बनाया है। रेजीनगर में हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद अपनी पिता की पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। यहां कांग्रेस से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी और वाममोर्चे की ओर से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सैयद असद अली मैदान में हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान नहीं किया है।
इसके अलावा, कालीघाट खेमे ने असम की नगांव संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अब्दुल सलाम को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित