कोलकाता , सितंबर 29 -- कलकत्ता उच्च न्यायालय ने नंदीग्राम विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार हसीरानी रथ के चुनावी हलफनामे में शैक्षिक योग्यता और आयु में गड़बड़ी का आरोप लगाने वाली कांग्रेस की याचिका को खारिज कर दिया है।

न्यायमूर्ति कृष्णा राव की पीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद शुक्रवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था और मंगलवार को यह फैसला सुनाते याचिका खारिज कर दी गई।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग को सौंपे गए सुश्री रथ के हलफनामे पर सवाल उठाते हुए दावा किया था कि उसमें संलग्न माध्यमिक प्रमाण पत्र के अनुसार उन्होंने 1965 में परीक्षा पास की थी। वहीं, दूसरी ओर हलफनामे में उन्होंने अपनी आयु 60 वर्ष से अधिक बताई है, जिससे उनका जन्म वर्ष 1966 के आसपास का है। याचिकाकर्ता का तर्क था कि उन्होंने चौखाली गंगाखाली बालिका विद्यालय से पढ़ाई की बात कही है, ऐसे में या तो उनकी घोषित आयु गलत है या फिर उनका माध्यमिक प्रमाण पत्र फर्जी है। इस आधार पर कांग्रेस ने उनका नामांकन रद्द करने की मांग की थी।

इसके जवाब में चुनाव आयोग ने अदालत में तर्क दिया कि नामांकन पत्रों की जांच की एक तय प्रक्रिया होती है जो रिटर्निंग अधिकारी करता है और किसी भी आपत्ति को उसी समय उठाया जाना चाहिए था। चूंकि जांच के दौरान कांग्रेस की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई, इसलिए बाद में इस आधार पर नामांकन को चुनौती नहीं दी जा सकती। आयोग के वकील ने यह भी कहा कि प्रमाण पत्र की प्रामाणिकता से जुड़ा केवल एक आरोप किसी उम्मीदवार का नामांकन रद्द करने का पर्याप्त आधार नहीं बनता।

भाजपा प्रत्याशी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जयदीप कर ने भी दलील दी कि आपत्ति उचित चरण पर दर्ज कराई जानी चाहिए थी और अदालत इस स्तर पर उम्मीदवार के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि अगर हलफनामे में कोई विसंगति हुई भी है, तो वह जानबूझकर नहीं की गई थी तथा उम्मीदवार को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि नंदीग्राम सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है और 9 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। यह सीट विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेन्द्रु अधिकारी ने खाली की थी, जिन्होंने भवानीपुर सीट से भी जीत हासिल करने के बाद नंदीग्राम सीट से त्यागपत्र दे दिया था।

भाजपा ने श्री अधिकारी के दिवंगत सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को अपना उम्मीदवार बनाया है। चंद्रनाथ की विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद हत्या कर दी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित