पटना , मार्च 02 -- बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव की धर्मपत्नी स्व. किरण देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को अगमकुआं स्थित ओल्ड ऐज होम में श्रद्धांजलि सभा एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर श्री यादव ने अपने परिवार के साथ वृद्धजनों के बीच पहुंचकर स्व. किरण देवी की स्मृति में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के तहत वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच वस्त्र वितरण किया गया एवं सभी को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया।

इस सेवा कार्य में श्री यादव के साथ उनके पुत्र नितिन कुमार एवं दित्य राज, तथा उनके पौत्र आरव राज और अर्णव राज भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बुजुर्गों की सेवा करते हुए उनके साथ समय बिताया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर नंदकिशोर यादव ने कहा कि स्व. किरण देवी का जीवन सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण का प्रतीक था। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जरूरतमंदों की सेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा, नीरज कुमार जगजीत सिंह , निलेश कुमार , विष्णु शर्मा ,संजय कुमार , शिव यादव ने स्व. किरण देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके द्वारा स्थापित मानवीय मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित