वाराणसी , अक्टूबर 20 -- विजयादशमी के पावन पर्व पर काशी स्थित प्रसिद्ध अन्नपूर्णा मठ मंदिर में वैदिक परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजन और ध्वजारोहण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मठ के महंत शंकरपुरी जी महाराज ने विधि-विधान से मां अन्नपूर्णा के ध्वज का आरोहण किया।
महंत शंकरपुरी ने कहा कि विजयादशमी पर ध्वजारोहण की परंपरा शांति, वीरता और विजय का प्रतीक है। यह ध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि सनातन परंपरा और विजय के उद्घोष का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर मां अन्नपूर्णा का ध्वज फहराने के साथ मठ की परंपरा का निर्वहन किया गया।
उन्होंने पूर्वांचल, काशी सहित देशभर के लोगों और सनातन धर्मावलंबियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए मां अन्नपूर्णा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
महंत ने कहा कि मां अन्नपूर्णा की कृपा समस्त काशी और देशवासियों पर बनी रहे तथा लोग इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ विजयादशमी का पर्व मनाते रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित