भरतपुर , सितम्बर 17 -- राजस्थान में धौलपुर में नगर परिषद सभापति पद के चुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच में अपना प्रस्तावक पेश नहीं कर पाने की वजह से निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र उर्फ पप्पू जाट का नामांकन खारिज कर दिया गया।

धौलपुर में किसी भी राजनीतिक दल ने अपने उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह नहीं दिये हैं। ऐसे में सभापति पद का मुकाबला पूरी तरह निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच होगा।

धौलपुर नगर परिषद के निर्वाचन सूत्रों ने बताया कि जांच के बाद अब सभापति पद के लिए सात उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। इनमें निशांत, कमलजीत, सुभाष शर्मा, शराफत खान, गिरीश गर्ग, सीमा शर्मा और सत्यदेव कंसाना शामिल हैं।

कांग्रेस से नामांकन भरने वाले शराफत खान और सीमा शर्मा, साथ ही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी सुभाष शर्मा भी निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार किसी भी उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद सभापति पद के चुनाव की स्थिति पूरी तरह साफ हो जायेगी। इस स्थिति में धौलपुर नगर परिषद में एक बार फिर निर्दलीय बोर्ड बनने की संभावना को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित