भरतपुर , सितंबर 05 -- राजस्थान में धौलपुर के मनियां थाना क्षेत्र में शनिवार को फूलपुर गांव के समीप एक ईको वैन के तालाब में गिरने से तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायलों को मनियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से प्राथमिक इलाज के बाद धौलपुर के जिला अस्पताल भेज दिया गया। दो घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतकों में बेटा-बेटी और मां शामिल हैं। वैन में सवार लोग आपस में रिश्तेदार हैं। वे फूलपुर में अपराह्न जहारवीर मंदिर जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सपना (32) निवासी तसीमो (धौलपुर), बेटा हर्षित (एक) और बेटी प्राची (तीन), दिव्यांश (तीन) निवासी मुरैना (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।

वैन के तालाब में गिरने पर बच्चों और महिलाओं के शोर को सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों और महिलाओं को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण इलाके की सड़कों पर पानी भर गया है। इसके कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। सड़क पर भरे पानी के कारण तेज रफ्तार वैन बेकाबू हो गई और तालाब में गिर गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित