, Oct. 14 -- मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी के अनुभव और विजन का लाभ राजस्थान की डबल इंजन सरकार को भी मिल रहा है। प्रदेशमें दो हजार 750 किलोमीटर से अधिक लंबाई के नौ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे विकसित किए जा रहे हैं। जयपुर के चारों ओर यातायात के दबाव को कम करने के लिए 11 हजार 764 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रिंग रोड (उत्तर) परियोजना का कार्य केन्द्र सरकार के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश 39.36 गीगावाट स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता के साथ अग्रणी प्रदेश बन चुका है। इस तरह राजस्थान देश में सौर ऊर्जा में प्रथम एवं अक्षय ऊर्जा स्थापना में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य सरकार के पौने तीन वर्षों में लगभग 28 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता की वृद्धि हुई है। छह हजार मेगावॉट-आवर की बैटरी भंडारण परियोजनाओं से विद्युत पारेषण तंत्र का विस्तार हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राजस्थान में पांच लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और तीन लाख 37 हजार रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। पीएम-कुसुम योजना में भी किसानों के लिए 5.2 गीगावाट से भी अधिक क्षमता के संयंत्र स्थापित कर राजस्थान अग्रणी बना है। प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करते हुए प्रदेश में करीब 30 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दशकों से लंबित जल संबंधी बड़ी परियोजनाओं में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। राम जल सेतु लिंक परियोजना से 17 जिलों के तीन करोड़ से अधिक लोगों को पेयजल और लगभग 4 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यमुना, किशाऊ एवं नर्मदा जल समझौतों से राजस्थान की जल सुरक्षा बेहतर होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और गौरवपूर्ण उपस्थिति में दिसंबर 2024 में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट हुआ। इसमें 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट्स धरातल पर उतर चुके हैं। प्रधानमंत्री ने प्रदेश को पचपदरा में देश की पहली एकीकृत ग्रीनफील्ड रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो फेज-2 और माही बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना जैसी बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं को राष्ट्र निर्माण और परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति मानते हैं। डबल इंजन सरकार ने अब तक एक लाख 93 हजार पदों पर सरकारी नियुक्तियां दी हैं। एक लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश में 410 से अधिक परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ बिना पेपरलीक के संपन्न कराई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान सम्मान निधि की राशि को बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया गया तथा 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। लखपति दीदी, लाडो प्रोत्साहन और अनेक नवाचारों से मातृशक्ति को नेतृत्व और समान अवसरों से जोड़ा जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत राजस्थान में तीन लाख 82 हजार आवास बनवाए गए हैं और चार लाख 53 हजार आवासों का निर्माण प्रगतिरत है। प्रदेश के 75 लाख गरीब परिवारों को कम कीमत पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, सहयोग और महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन, पारदर्शिता, जनभागीदारी और समयबद्ध क्रियान्वयन के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा को निरंतर गति प्रदान कर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित